Donald Trump ने ब्रिक्स देशों को फिर दी धमकी, बोले- ”डॉलर से कारोबार करो वर्ना लगा दूंगा चार्ज”
Source: प्रभात खबर – Prabhat Khabar | Original Published At: 2025-01-21 16:56:44 UTC
Key Points
- डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिक्स देशों को चेताया कि डॉलर के बजाय अन्य मुद्रा के उपयोग पर 100% शुल्क लगाया जाएगा
- भारत ने डॉलर को हटाने की योजना का समर्थन नहीं करने की स्थिति स्पष्ट की है
- ट्रंप ने पहले भी ब्रिक्स के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी थी
Donald Trump: डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के बाद ब्रिक्स (BRICS) समूह को अपने तीखे बयान से निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों को वैश्विक व्यापार में अमेरिकी डॉलर का इस्तेमाल करना चाहिए, वर्ना उन्हें भारी शुल्क का सामना करना पड़ेगा। ब्रिक्स समूह में भारत, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। ट्रंप ने कहा, “अगर ब्रिक्स देश अपनी मुद्रा लाने या डॉलर को हटाने की कोशिश करते हैं, तो हम उनके व्यापार पर 100% शुल्क लगाएंगे।”
डॉलर को हटाने के पक्ष में नहीं है भारत
डोनाल्ड ट्रंप की यह चेतावनी तब आई है, जब ब्रिक्स देशों के बीच डॉलर को कम करने और अपनी खुद की मुद्रा को बढ़ावा देने की चर्चा तेज हो रही है। हालांकि, भारत ने स्पष्ट किया है कि वह ऐसी किसी योजना का समर्थन नहीं करता है। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दिसंबर में कहा था कि भारत वैश्विक व्यापार में डॉलर को हटाने के पक्ष में नहीं है।
ब्रिक्स के खिलाफ कड़ी चेतावनी
दिसंबर 2024 में भी ट्रंप ने ब्रिक्स देशों को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी कदम पर सख्त प्रतिक्रिया दी जाएगी। उन्होंने कहा था, “अगर ब्रिक्स देश नई मुद्रा बनाएंगे, तो उन्हें अमेरिका की शानदार अर्थव्यवस्था से हाथ धोना पड़ेगा।”